खन्ना (पंजाब)
पंजाब के खन्ना जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा करने वाला एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खन्ना के खटीकां चौक स्थित शिवसेना नेता महंत कश्मीर गिरी के घर पर हुई पुलिस छापेमारी के दौरान सादे कपड़ों में आए एक ASI की संदिग्ध गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में पुलिसकर्मी कथित तौर पर कमरे में रखे गद्दे के नीचे एक पैकेट छुपाता दिखाई दे रहा है। इसके बाद पुलिस की आधिकारिक टीम ने उसी जगह से 30 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा करते हुए नेता को गिरफ्तार कर लिया था।
फुटेज सार्वजनिक होते ही पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
https://x.com/epanchjanya/status/2117092429639938440?a=WF17nwgL1FeO6fP7_34&s=19
CCTV ने खोली पोल, ASI सस्पेंड
मामला मीडिया में आने के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें दिखाई दे रहे पुलिसकर्मी की पहचान खन्ना सीआईए (CIA) स्टाफ के एएसआई (ASI) सुखदेव सिंह के रूप में हुई है। घटना का संज्ञान लेते हुए खन्ना की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ASI सुखदेव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
शिवसेना नेता केस से हुए डिस्चार्ज, SIT गठित
सीसीटीवी फुटेज में सामने आई संदिग्ध भूमिका के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत शिवसेना नेता महंत कश्मीर गिरी को इस मामले से डिस्चार्ज (रिहा) कर दिया है।
एसएसपी खन्ना के मुताबिक, घटना की निष्पक्ष और गहराई से जांच के लिए एसपी (SP) रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है।










