मेरठ (ग्राउंडनामा)। उत्तर प्रदेश के मेरठ में बहुचर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड को लेकर एक नया घटनाक्रम सामने आया है। जिस मकान में कातिल पत्नी मुस्कान ने अपने पति सौरभ की नृशंस हत्या कर शव को नीले ड्रम में बंद कर दिया था, उस मकान का हिंदूवादी संगठन द्वारा पूजा-पाठ और गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण किया गया है।
रविवार को हिंदूवादी नेता मीरा राठौर अपने कार्यकर्ताओं के साथ सौरभ राजपूत के आवास पर पहुंचीं। वहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल का छिड़काव किया और पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
हिंदूवादी नेता मीरा राठौर ने इस अवसर पर कहा कि जिस स्थान पर इतनी दर्दनाक और अमानवीय घटना घटित हुई हो, वहां नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव बन जाता है। सनातन परंपरा के अनुसार ऐसे स्थान पर शुद्धिकरण का अनुष्ठान करना आवश्यक होता है ताकि दिवंगत सौरभ की आत्मा को शांति मिल सके और क्षेत्र का वातावरण शुद्ध हो सके।
क्या था पूरा मामला?
गौरतलब है कि मेरठ के इस चर्चित हत्याकांड में आरोपी पत्नी मुस्कान ने अपने पति सौरभ राजपूत की बेरहमी से हत्या कर दी थी। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसने शव के टुकड़े कर उन्हें एक नीले ड्रम में पैक कर दिया था। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल मकान के शुद्धिकरण की खबर इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां एक ओर स्थानीय लोग इसे धार्मिक आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस और प्रशासन मामले की कानूनी जांच में जुटा हुआ है।
‘नीला ड्रम सौरभ हत्याकांड से जुड़े मकान का किया गया शुद्धिकरण’
मेरठ- नीला ड्रम यानी सौरभ राजपूत हत्याकांड मामले में आज नया मोड़ आ गया है. हिंदूवादी नेता मीरा राठौर ने सौरभ के मकान का गंगाजल व पूजा अर्चना कर शुद्धिकरण किया है. सौरभ की इसी मकान में कातिल पत्नी मुस्कान ने उसकी हत्या की थी. और शव नीले ड्रम में पैक कर दिया था.
मीरा राठौर का मानना है कि इस शुद्धिकरण से सौरभ की आत्मा को शांति मिल सकेगी.
— Raju Sharma journalist (@RajuSharmajour1) November 1, 2026







